विद्युत निगम के निदेशक (तकनीक) एके मित्तल ने जनपद में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को खामियां सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में आर-एपीडीआरपी योजना के तहत चल रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में निपटाने को कहा, जिससे शहर की बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर किया जा सके।
एके मित्तल ने मंगलवार की सुबह घंटाघर स्थित विद्युत निगम कार्यालय परिसर में चीफ एससी श्रीवास्तव समेत विद्युत निगम के तमाम बड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। करीब एक घंटा चली बैठक में उन्होंने जनपद में हुए कार्यों की जानकारी ली। खामियों पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश भी दिए। इन दिनों नगर में चल रही आर-एपीडीआरपी योजना के तहत चल रहे कार्यों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ करने को कहा।
गौरतलब है कि योजना के तहत नगर में कमजोर और कम केवी के ट्रांसफॉर्मर की जगह नए ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं। साथ ही जगह-जगह ट्रांसफार्मर के रखने के लिए सीमेंट के बेस बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा कमजोर खंबों की जगह नए खंबे, जर्जर तारों की जगह नई तारें भी बदली जा रही हैं। घंटाघर के पास लाइन को अंडरग्राउंड करने का प्लान है। इसके अलावा जिन बिजलीघरों और फीडरों पर कमियों हैं उनको भी दूर किया जा रहा है। इसके लिए विद्युत निगम ने 15 महीने यानी सवा साल का समय निर्धारित किया है। मित्तल ने तमाम कार्यों को निर्धारित समय सीमा में निपटा लेने के निर्देश दिए।
बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं
सहारनपुर। विद्युत निगम अफसरों ने दो दिन पहले एक होटल की बिजली इसलिए काट दी, क्योंकि होटल मालिक बिजली की बिल जमा नहीं करा रहा था। मगर शहर में ऐसे लोगों की संख्या सैकड़ों में है, जिन्होंने महीनों से बिल जमा नहीं कराया है और धड़ल्ले से बिजली फूंक रहे हैं। इनमें कई पुलिसवाले भी शामिल हैं।
विद्युत निगम सूत्रों ने बताया कि ऐसे लोगों के नामों को जल्द ही सार्वजनिक कर निगम कार्यालय में सूची चस्पा की जाएगी। इसका मकसद उन पर बिल जमा कराने का दबाव बनाना है। उधर, चीफ एससी श्रीवास्तव ने बताया कि बड़े बकायेदारों पर बिल जमा कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। जल्द ही अभियान चलाकर बिल जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे। जरूरी हुआ तो कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
मोबाइल वैन पर जमा किए जाएंगे बिल
सहारनपुर। विद्युत निगम ने बिजली के बिल जमा करने के लिए मोबाइल वैन का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण निदेशक (तकनीक) एके मित्तल ने किया। उन्होंने बताया कि यह वैन समय-समय पर मोहल्लों में जाकर उपभोक्ताओं के बिल जमा करेगी। इससे उन लोगों को फायदा होगा, जो समय पर बिल जमा नहीं करा पाते हैं। इस दौरान एडवाइजर वीके कौशिक, चीफ एससी श्रीवास्तव, एक्सईएन नीरज कुमार आदि थे।