सहारनपुर में डीआईजी (जीआरपी) दरबीर सिंह यादव औचक निरीक्षण करने शनिवार को सहारनपुर पहुंचे। उनको देखते ही जीआरपी में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्था दुरुस्त रखने, फाइलों को अपडेट रखने तथा गिरोहों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
डीआईजी शनिवार की सुबह करीब दस बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। सबसे पहले वह थाना पहुंचे। डीआईजी ने थाना में बैठकर तमाम फाइलों को देखते हुए उनके सही रखरखाव तथा अपडेट रखने को कहा।
इसके बाद उन्होंने जीआरपी के साथ बैठक करते हुए रेल लाइनों पर मिलने वाली लाशों की शिनाख्त कराने का हरसंभव प्रयास करने तथा रेलवे स्टेशन पर सक्रिय जहर खुरान गिरोहों पर नजर रखकर उन्हें पकड़ने के निर्देश दिए। करीब तीन घंटे सहारनपुर में रहे।
हादसा टला। पेपर मिल रोड स्थित फाटक पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, एक चौपहिया वाहन फाटक क्रास कर ही रहा था कि फाटक पर मौजूद कर्मचारियों ने फाटक बंद कर दिया। दोनों तरफ से फाटक बंद होने की वजह से वाहन लाइन पर बीच में ही फंस गया।
इस दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से सुपर ट्रेन आने वाली थी। आनन फानन में लोग वाहन से कूदकर भागने लगे। इसी दौरान फाटक पर तैनात कर्मचारी ने रेलवे स्टेशन पर फोन कर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद ट्रेन को कुछ देर के लिए पीछे ही रुकवा दिया गया, जिसके बाद फाटक खोलकर वाहन को निकाला गया। अपर स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।