नागल। गांव सलेमपुर में सोमवार सुबह हुआ एक दर्दनाक हादसा पूरे गांव को गमगीन कर गया। पैरों से दिव्यांग 26 वर्षीय ज्योति की घर में छत का प्लास्टर गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि दिव्यांग होने के कारण वह खुद को बचाने के लिए बाहर भी नहीं निकल सकी।
सोमवार सुबह करीब छह बजे ज्योति अपने कमरे में चारपाई पर सो रही थी। तभी अचानक तेज धमाके के साथ मकान की छत का प्लास्टर गिर गया। मलबा सीधे चारपाई पर गिरा और ज्योति उसके नीचे दब गई। धमाके की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर मलबा हटाया और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता ओमबीर सिंह ने बताया कि ज्योति बचपन से ही पैरों से दिव्यांग थी। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वह अधिकतर समय घर के भीतर ही रहती थी। ग्रामीणों ने बताया कि ज्योति के शव की स्थिति देखकर लग रहा था कि उसने मलबे से बाहर निकलने की भी कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सकी। जांच अधिकारी शिवकार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।