देवबंद। जमीन पर कथित तौर पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर पांच लोगों ने घर में घुसकर दिव्यांग युवक और उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव फुलासी निवासी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता राकेश के नाम गांव में 12 बीघा कृषि भूमि है। आरोप है कि गांव के ही पांच लोगों ने इस जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। उसके पिता कई बार आरोपियों से जमीन खाली करने को कह चुके हैं, लेकिन वह कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं हैं। जितेंद्र का आरोप है कि बृहस्पतिवार को उसने आरोपियों से जमीन खाली करने को कहा तो वे आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि आरोपी उसके घर में घुस आए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आठ माह की गर्भवती पत्नी बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। सीओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर गुलबहार, फरमान, मुनव्वर और सनव्वर हसन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।