संवाद न्यूज एजेंसी
नानौता। दिल्ली यमुनोत्री हाईवे स्थित चौधरी धर्म कांटा पर खड़े ट्रैक्टर व कुट्टी काटने की मशीन को बाइक सवार चोर चोरी कर ले गए। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ट्रैक्टर व मशीन स्वामी ने 112 पुलिस को सूचना देते हुए थाना पुलिस को तहरीर देकर चोरी गए ट्रैक्टर व मशीन बरामदगी की मांग की है।
नानौता थाना क्षेत्र के ग्राम खुडाना निवासी रामगोपाल शर्मा अपने महिंद्रा ट्रैक्टर व कुट्टी काटने की मशीन को रविवार की देर शाम नगर के दिल्ली यमुनोत्री हाइवे स्थित चौधरी धर्म कांटा पर खड़ा कर गांव चला गया। सोमवार की सुबह करीब सात बजे जब रामगोपाल ट्रैक्टर व मशीन लेने के लिए कांटे पर पहुंचा तो वहां ट्रैक्टर मशीन गायब मिली। इस पर रामगोपाल शर्मा व कांटा स्वामी चौधरी अब्बास द्वारा कांटे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो पाया की रात्रि करीब 9 बजकर 36 मिनट पर बाइक सवार दो युवक कांटे पर पहुंचे। इसमें से एक बाइक पर बैठा रहा जबकि दूसरा व्यक्ति ट्रैक्टर को स्टार्ट कर कुट्टी काटने की मशीन सहित चोरी कर ले गया। इसके पश्चात ट्रैक्टर मशीन स्वामी राम गोपाल शर्मा ने 112 पुलिस को सूचना दी। ट्रैक्टर व मशीन चोरी की सूचना पर 112 पुलिस तथा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित रामगोपाल शर्मा ने थाने पर तहरीर देकर चोरी गए ट्रैक्टर व मशीन की बरामदगी की मांग की है।