बेहट में हादसे का शिकार हुई श्रद्धलुओंं से भरी मैक्स पिकअप।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी रविवार की रात शाकंभरी देवी रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दस से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।
घायलों को 108 एंबुलेंस ने बेहट सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो श्रद्धालुओं को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसा फतेहपुर कलां गांव के पास स्थित धर्म सिंह जगदीश सिंह महाविद्यालय के सामने घूम पर रात के करीब साढ़े दस बजे हुआ। शामली निवासी श्रद्धालु अपनी पिकअप गाड़ी में सवार होकर सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में भंडारा देने के लिए जा रहे थे।
जैसे ही वह फतेहपुर कलां गांव के पास घूम पर पहुंचे तो गति तेज होने के कारण चालक स्टेयरिंग पर नियंत्रण नहीं कर सका और बेकाबू पिकअप सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इससे पिकअप में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों को पिकअप से बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस से बेहट सीएचसी भर्ती कराया।
घायल अरविंद पुत्र जर्नादन, राका पुत्र कुरडिया, अक्षय पुत्र विनोद कुमार, अमित पुत्र गुड्डू, कपिल शर्मा पुत्र जवाहर लाल, विनोद कुमार पुत्र नंदलाल, सतपाल पुत्र मामचंद, गुलशन पुत्र बलवीर निवासी मोहल्ला कृष्णानगर, मनोज पुत्र सुरेंद्र मोहल्ला ठाकुरद्वार, श्रीनिवास पुत्र रामेश्वर दयाल बड़ा बाजार शामली, रातूल पुत्र सुभाष गोयल निवासी गांव मालदीपुर बिरमखेड़ा शामिल है। चिकित्सकों ने अमित और कपिल को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।