शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन भी मां के जयकारों से गुंजायमान रहा। हजारों श्रद्धालु मां जगदंबा के दर्शन करने पहुंचे। भक्तों ने प्रसाद चढ़ा कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए मन्नत मांगीं।
बुधवार को सुबह से ही भक्त मंदिर परिसर पहुंचने शुरू हो गए। दुपहर तक लाइन पुलिस चौकी तक जा पहुंची। भक्तों ने मां भगवती के दर्शन कर मनौतियां मांगी। नवरात्र के दिनों में भक्तों का माता के दर्शन के लिए तांता लगा है। दिन भर सिद्ध पीठ क्षेत्र माता के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु पैदल चल कर और लेट लेट कर भी माता के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। मान्यता के अनुसार भक्त पहले बाबा भूरा देव के दर्शन करने के बाद मां शाकंभरी के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। इसके अलावा शाकेश्वर महादेव मंदिर और रक्तदन्तिका मंदिर में भी भक्तों ने प्रसाद चढ़ाया।
मंदिरों में वातावरण भक्तिमय बना
गंगोह। क्षेत्र में पंचम नवरात्र पर मां स्कंदमाता की पूजा अर्चना की। नगर के वैष्णो देवी धाम, राम बाग, नव दुर्गा, महादेव कुटी, भुवनेश्वरी पंचायती मंदिर व पीठ बाजार में स्थित काली मंदिर में नवरात्र के चलते रोजाना श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। वातावरण भक्तिमय बना है। पीठ बाजार माता मंदिर से रोज निकलने वाली ज्योति यात्रा का लोगों ने जगह जगह स्वागत किया। क्षेत्र से मां शाकंभरी देवी के दर्शनों को जाने वालों की संख्या भी बढ़ गई है। सुबह पूजा-अर्चना के बाद शाम को मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहे हैं।