सहारनपुर। कैबिनेट की बैठक में सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसमें 33 नए गांवों को शामिल किया गया है। अब विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 177 राजस्व गांव हो गए। प्राधिकरण का दायरा बढ़कर 296 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
सहारनपुर विकास प्राधिकरण के बहुप्रतीक्षित सीमा विस्तार को प्रदेश की कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल गई है। इससे पहले विकास प्राधिकरण का सीमा विस्तार वर्ष 2016 में हुआ था। इसके बाद प्राधिकरण सीमा के बाहर विभिन्न विकास कार्य हुए। इनमें दिल्ली यमुनोत्री हाईवे निर्माण, अंबाला-देहरादून बाईपास निर्माण, जनता रोड पर विश्वविद्यालय निर्माण और पिलखनी में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का डिपो आदि है। इसके अलावा सरसावा में सिविल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इसे देखते हुए विकास प्राधिकरण ने सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन को भेजा था। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में सीमा विस्तार को मंजूरी दे दी गई है। इसमें तहसील सदर के 19, नकुड़ तहसील के नौ और रामपुर मनिहारान तहसील के पांच गांव शामिल हैं।
विकास प्राधिकरण की सीमा में शामिल नए गांव
विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इसमें 33 नए गांवों को शामिल किया गया है। इनमें तहसील सदर क्षेत्र के 19 गांव हैं। इनमें चंद्रावली, आसनवाली, राव मजरा, पुवांरका, लखनौती कलां, हीराहेड़ी, लखनौती खुर्द, बिशनपुर, लडवा, उग्राहू अहतमाल, दिनारपुर अहतमाल, दिनारपुर मुस्तहकम, हरौड़ा अहतमाल, हरौड़ा मुस्तहकम, गागलहेड़ी मुस्तहकम, महमूदपुर तिवाई अहतमाल, महमूदपुर तिवाई मुस्तहकम, सोना, मांडेबांस, तहसील नकुड़ क्षेत्र के सौराना, सरूरपुर गाडा, अलीपुरा, अहमदपुर ब्राह्मण, रजधान, सरसोंहेड़ी, गोविन्दपुर, कुम्हारहेड़ा और मिर्जापुर गांव शामिल हैं। रामपुर मनिहारान तहसील क्षेत्र के गांव जंधेड़ा समसपुर, फतेहउल्लापुर, मुगलमाजरा, खटकाहेडी, दीपाखेडी को विकास प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया गया है।
सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सीमा विस्तार को मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल गई है। इसमें 33 नए गांवों को शामिल किया गया है। इनका क्षेत्रफल करीब 59 वर्ग किलोमीटर है। अब 177 राजस्व गांव प्राधिकरण क्षेत्र हो गए हैं। इसके चलते क्षेत्रफल बढ़कर 296 वर्ग किलोमीटर हो गया है। आशीष कुमार, उपाध्यक्ष, सहारनपुर विकास प्राधिकरण