नोटिस चस्पा करता प्राधिकरण कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में अलसी का बाग के निकट स्थित लक्ष्मी धाम कॉलोनी में अवैध रूप से तैयार किए गए तीन फ्लैट पर विकास प्राधिकरण ने अपनी सील लगा दी है। सील की कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। मगर पुलिसकर्मियों के साथ होने की वजह से किसी तरह का विरोध नहीं हो सका।
शहर में जगह-जगह अवैध रूप से भवनों का निर्माण जारी है। प्राधिकरण की आंख में धूल झोंककर पुराने भवनों में भीतर-भीतर निर्माण कराए जा रहे हैं। अवैध निर्माण का ताजा मामला लक्ष्मी धाम में मिला, जहां एक व्यक्ति के द्वारा 200 वर्ग गज जमीन पर तीन फ्लैट का निर्माण कराया गया है।
विकास प्राधिकरण की टीम ने मौके पर जाकर निर्माणकर्ता से मानचित्र की स्वीकृति दिखाने को कहा तो वह इधर-उधर की बात करने लगा। इसके बाद प्राधिकरण की टीम नगर कोतवाली से पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर पहुंची और फ्लैट की तमाम सुविधाओं को सील कर दिया। टीम में एई एपीएन सिंह, जेई विजयपाल, मेट लाल बहादुर, अमरनाथ आदि शामिल रहे।
लक्ष्मी धाम कॉलोनी में अवैध रूप से तीन फ्लैट का निर्माण एक व्यक्ति द्वारा कराया गया है। हमारी टीम ने मौके पर जाकर उससे मानचित्र की स्वीकृति दिखाने को कहा था मगर वह नहीं दिखा सका। यानी तीनों फ्लैट पूरी तह अवैध रूप से बनाए गए हैं। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने मौके पर जाकर तीनों फ्लैट को सील कराया है।
सत्यप्रकाश शर्मा, सचिव, विकास प्राधिकरण।