पाकिस्तानी जासूस इकबाल भट्टी की सुनवाई की तारीख बढ़ाकर तीन दिसंबर कर दी गई है। उसे बुधवार को पेशी के लिए सहारनपुर कचहरी में कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया था। इकबाल की सुरक्षा को लेकर पहले से ही स्थानीय पुलिस भी कचहरी में मुस्तैद थी। तारीख बढ़ने के बाद पुलिस उसे वापस आगरा जेल ले गई।
कई साल पहले जासूसी के मामले में इकबाल भट्टी को पंजाब पुलिस ने पकड़ा था। उसने पुलिस के सामने सहारनपुर के हकीकतनगर में पहचान छुपाकर रहने तथा फर्जी आईडी पर बैंक अकाउंट खुलवाने का खुलासा किया था। पुलिस जांच में सहारनपुर के एक पार्षद की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई थी। पुलिस ने भट्टी पर फर्जी आईडी के साथ बैंक अकाउंट खुलवाने और जासूसी करने के मामले दर्ज किए थे।
कोर्ट ने उसे फर्जी आईडी पर बैंक अकाउंट खुलवाने में सजा सुना दी थी, मगर जासूसी का मामला अब भी कोर्ट में चल रहा है। पुलिस को उसके पास से नक्शा आदि भी मिले थे। बुधवार को सहारनपुर कोर्ट में उसकी पेशी थी। कोर्ट ने उसकी सुनवाई की तारीख बढ़ाकर तीन दिसंबर कर दी है। इकबाल भट्टी को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट परिसर में लाया गया था। तारीख मिलने के बाद उसे पुलिस आगरा ले गई।