सहारनपुर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया। डिप्टी सीएम बृहस्पतिवार को सहारनपुर आएंगे और महर्षि कश्यप जयंती कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके पश्चात वह अधिकारियों संग बैठक करेंगे। डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर अफसरों की सांसे फूली हुई हैं।
बृहस्पतिवार को गांधी पार्क में महर्षि कश्यप जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बुधवार को उनका कार्यक्रम प्रशासन को मिल गया, जिसके बाद पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हो गए।
इसके साथ ही तमाम विकास कार्यों से संबंधित फाइलों केे दुरुस्त किया गया है। उप मुख्यमंत्री कश्यप जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नागल में उपशा के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष और कश्यप जयंती कार्यक्रम के आयोजक बिजेंद्र कश्यप ने बताया कि डिप्टी सीएम का कार्यक्रम आ चुका है। वह बृहस्पतिवार को कश्यप जयंती कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मां शाकंभरी देवी के करेंगे दर्शन
सहारनपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने बताया कि उप मुख्यमंत्री सबसे पहले मां शाकंभरी देवी के दर्शन करेंगे। वह हैलीकाप्टर के जरिए 11.10 बजे मां शाकंभरी देवी दर्शन को जाएंगे।
कैराना लोकसभा उपचुनाव को लेकर लेंगे फीड बैक
सहारनपुर। प्रदेश की फूलपुर और गोरखपुर चुनाव में हार का मुंह देखने वाली भाजपा कैराना उपचुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसलिए चुनाव में भाजपा पूरे दमखम के साथ जुट गई है। नकुड़ विधायक और राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी लगातार कैराना क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं।
मंगलवार को परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह नकुड़ में कैराना लोकसभा उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली थी। उप मुख्यमंत्री का सहारनपुर दौरा कैराना चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि वह कैराना लोकसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी अधिकारियों से वार्ता करेंगे।
यह रहेेगा कार्यक्रम
सहारनपुर। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 11:10 बजे हैलीकाप्टर से मां शाकंभरी देवी मंदिर जाएंगे। 11:45 बजे पुलिस लाइन के हैलीपैड पर पहुंचेंगे। 11:50 बजे कार से गांधी पार्क मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होगे और 11:55 बजे वहां पहुंचेंगे। 1:00 बजे नागल के लिए रवाना होंगे,
वहां पर उपशा के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2:25 बजे पुलिस लाइन हैैलीपैड पहुंचेंगे। यहां से हैलीकाप्टर के जरिए गांव सय्यद माजरा जाएंगे। वहां से राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी के आवास पर कार से जाएंगे। 3:15 बजे गांव सोना सय्यदमाजरा में हैलीपैड पर जाएंगे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।