सहारनपुर में शुगर मिलों ने नए पेराई सत्र का गन्ना मूल्य भुगतान शुरू कर दिया है। देवबंद शुगर मिल ने मंगलवार को 20 करोड16 लाख 13 हजार रुपये का भुगतान गन्ना समितियों के खाते में भेज दिया है।
जबकि गांगनौली शुगर मिल पर अभी भी गत वर्ष का करीब 7 करोड़ रुपये बकाया है। यह मिल इस पेराई सत्र की चीनी बेचकर बकाया भुगतान कर रही है।
बढ़िया रिकवरी और चीनी के अच्छे भाव से उत्साहित शुगर मिलों ने गन्ना मूल्य भुगतान की शुरुआत कर दी है। सबसे पहले देवबंद शुगर मिल ने 20 करोड़ 16 लाख 13 हजार रुपये का भुगतान किया है। जबकि अन्य मिलों ने भुगतान अभी शुरू नहीं किया है।
गांगनौली स्थित बजाज शुगर मिल पर करीब 7 करोड़ रुपये गत वर्ष का अभी भी बकाया है। हालांकि मिल इस पेराई सत्र की चीनी को बेचकर बकाया गन्ना मूल्य का पेमेंट कर रही है। अन्य मिलें अभी तक भुगतान के लिए दिए गए समय के दायरे में नहीं आई है।
मिलों में गन्ना सप्लाई करने के 14 दिनों के अंदर गन्ना मूल्य भुगतान करने का प्रावधान है। अभी तक देवबंद और गांगनौली चीनी मिल ही इसके दायरे में आई हैं।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि देवबंद ने इस सीजन का और बजाज शुगर मिल ने गत वर्ष का भुगतान करना शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि अन्य मिलें भी समय से भुगतान शुरू कर देंगी।