विश्व मच्छर दिवस
- बीते साल ऑफिसर्स कॉलोनी, आजाद कॉलोनी, खाताखेड़ी में मिला डेंगू का लार्वा
- मच्छरों के काटने से बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे लोग, हर साल बढ़ रहे मच्छर
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में लापरवाही के कारण मच्छरों का लार्वा घर में ही पनप रहा है। यह हम नहीं बल्कि स्वास्थ्य विभाग की सर्वे रिपोर्ट बता रही है। बीते वर्ष महानगर की ऑफिसर्स कॉलोनी, खाताखेड़ी, आजाद कॉलोनी, न्यू राज विहार कॉलोनी के घरों में लार्वा मिल था। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस वर्ष अभी तक न तो लार्वा मिला और न ही डेंगू का केस सामने आया। सतर्क रहने की जरूरत है।
मच्छरों के कारण फैलने वाली बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाएगा। डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए पिछले महीने स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर घरों का सर्वे किया था। टीम को सर्वे टीम ने घरों में फ्रिज की ट्रे, कूलरों और गमलों को चेक किया था। कहीं पर भी लार्वा नहीं मिला था। बीते वर्ष की बात करें तो इन दिनों 50 से अधिक घरों में डेंगू के मच्छर मिले थे। मलेरिया विभाग का मानना है कि अब मौसम बदलने से डेंगू का लार्वा मिलना शुरू हो जाएगा। टीम लगातार सर्वे कर रही है।
- डेंगू के लक्षण
- अचानक सिर में तेज दर्द व बुखार का होना
- मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होना
- आंखों के पीछे दर्द होना
- जी मिचलाना और उल्टी का आना
- गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना
डेंगू से बचाव
डेंगू फैलाने वाला मच्छर खड़े हुए साफ पानी में पनपता है। घर पर कूलर, पानी की टंकी, पक्षियों के पीने के पानी का बर्तन, फ्रिज की ट्रे, नारियल का खोल, टूटे हुए बर्तन व टायर आदि में पनप सकता है। पानी से भरे हुए बर्तनों व टंकियों आदि को ढककर रखें। कूलर का सप्ताह में एक बार खाली करके जरूर सुखाएं। यह मच्छर दिन के समय काटता है। ऐसे कपड़े पहनें जो शरीर को पूरी तरह से ढक सकें।