सहारनपुर। प्रकाश लोक कॉलोनी में सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर नागरिकों ने बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने निगम के अधिकारियों पर उनके हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। जल्द ही सड़क नहीं बनने पर पुन: धरना और प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सन्नी सैनी और शाहनवाज ने बताया कि वह वार्ड 26 की प्रकाशलोक कॉलोनी में रहते हैं, जहां सड़कें टूटी हुई हैं। इसकी वजह से सड़कों पर जलभराव है। लोगों को निकलने में परेशानी रहती है। स्कूल जाने वाले छात्र गिरकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह नगर निगम में कई बार प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। निगम के अधिकारी बजट नहीं होने की बात कहकर उन्हें टाल देते हैं। जबकि वह सभी नगर निगम को टैक्स चुका रहे हैं।
उन्होंने निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मोहित धीमान, राजेंद्र सिंह, मोहनलाल, अमित कुमार, सोनिया, रूपा, मीरा, रामकुमार, प्रवीन कुमार, राजकुमार सिंह, शीतला देवी, सुनील, बबली, गीता, बलवीर, रोहिताश, पिंकी, लक्ष्मी, रीता, मोनू कोरी आदि शामिल रहे।