ग्राम शाहजहापुर में खनन क्षेत्र में खनन कम्पनी ओर ग्रामीणों में टकराव
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। यमुना किनारे स्थित गांव शाहजहांपुर के गैर आबाद क्षेत्र में आवंटित पट्टे में कंपनी द्वारा खनन के दौरान अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इसके चलते कंपनी से जुड़े कर्मचारी तब वहां से चले गए। काफी देर बाद खनन कंपनी के एक व्यक्ति द्वारा किसानों की परेशानियों का हल निकालने के आश्वासन देने के बाद ही लोग शांत हुए।
बता दें कि शाहजहांपुर के यमुना किनारे स्थित गैर आबाद गांव दरिया बरामद में पांच वर्ष के लिए एक फर्म को खनन पट्टा आवंटित किया है। लेकिन यहां खनन शुरू होने के बाद से ही ग्रामीण अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं। इसी मामले को लेकर बृहस्पतिवार को फिर से ग्रामीणों तथा खनन कंपनी के लोगों के बीच काफी नोकझोंक हुई।
बृहस्पतिवार को शाहजहांपुर ग्राम प्रधान सतीश कुमार के नेत्रत्व में काफी लोग खनन क्षेत्र में पहुंचकर हंगामा करने लगे। आजाद चौधरी, अमित कोहली आदि ने कहा कि खनन कंपनी को जिन शर्तो के आधार पर पट्टा आवंटित हुआ था, उनका बिल्कुल भी पालन नही हो रहा है। ग्रामीणो ने आरोप लगाया कि शर्तो के अनुसार किसी प्राकृतिक संसाधन को अवरूद्ध नहीं किया जा सकता। लेकिन कंपनी द्वारा पानी की धारा को रोका गया है। इससे उनके खेतो में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसके साथ ही खनन क्षेत्र के बाहर किसानो के खेतो के पास भारी मशीनों से रेत निकाला जा रहा है जिससे खेतो में मिट्टी का कटाव हो रहा है कंपनी द्वारा स्थानीय मजदूरो को नजर अंदाज कर खनन के लिए भारी मशीनें काम में ली जा रही है। कुछ अन्य आरोप लगाते हुए उन्होंने हंगामा किया। इसे देखकर कंपनी के कर्मचारी तौल कांटा छोडक़र चले गए। काफी देर बाद खनन कंपनी से जुड़ा व्यक्ति ग्रामीणो के बीच पहुंचा तथा व्यवस्थाऐं सुधारने का आश्वासन देते हुए ग्रामीणो के शांत किया। इस मौके पर राजू, सुशील, आशीष, देवीचंद शर्मा, सुमित, नफीस, भूपेंद्र, सुरेश कुमार, ज्ञान चंद, मांगेराम, विपिन, विनय, पहल सिंह, बाबूराम आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।