सहारनपुर। लगता है नगर निगम वार्ड संख्या आठ के गांव चक देवली में फिर से डेंगू और मलेरिया के मच्छरों के पनपने का इंतजार कर रहा है। शायद यही वजह है कि करीब आठ माह बाद भी नगर निगम ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से निजात नहीं दिला सका है। नाराज ग्रामीण निस्तारण की मांग लेकर बुधवार को कमिश्नर कार्यालय और नगरायुक्त कार्यालय पहुंचे।
बीते वर्ष गांव चक देवली में डेंगू ने कहर बरपाया, इसके चलते 18 से अधिक लोगों की मौत हुई। मच्छरों के पनपने की मुख्य वजह गांव में जलभराव होना था। मौतों के बाद निगम के अधिकारी जागे थे। ग्रामीणों ने गांव पहुंचे नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सेनेट्री इंस्पेक्टर का घेराव भी किया । कुछ दिन बाद नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह और अन्य अधिकारी भी गांव पहुंचे और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने का वादा किया । तब निगम ने अपने वाहन लगाकर कई दिन तक जमा पानी को निकलवाकर गांव से बाहर डलवाया, मगर समय के साथ नगर निगम ने फिर से गांव की अनदेखी करना शुरू कर दिया।
अब फिर से मच्छरों का प्रकोप फैलने लगा है। चिकित्सा विभाग मच्छर जनित रोगों से बचने के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को फिर से डेंगू और मलेरिया का डर सताने लगा है। बुधवार को ग्रामीण कमिश्नर संजय कुमार से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे, कमिश्नर के बाहर होने के कारण उन्होंने अपना ज्ञापन उनके कार्यालय में रिसीव कराया। इसके बाद सभी लोग शिकायत लेकर नगरायुक्त से उनके कार्यालय में मिले। ग्रामीणों ने जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की। इनमें प्रदीप कुमार, सुशील कुमार, प्रदीप कुमार, मुनेश कुमार, दीपक, राज्जो, रोहित, सुरेंद्र, वीर सिंह, गुड्डी, बबली, धर्मेंद्र कुमार, सगेरी, धर्म सिंह, जय कुमार, महेंद्र सिंह, चंदो, कांति, चमन देई, मोनू कुमार आदि रहे।
गांव चक देवली में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जल्द ही टीम भेजी जाएगी। डेंगू और मलेरिया न फैले। इसके लिए एंटी लारवा का छिड़काव कराने के साथ ही फॉगिंग कराई जाएगी।
डॉक्टर एके त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।