सहारनपुर। आमजन को सूदखोरों के चंगुल से निकालने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने सहित अन्य मांगों को लेकर सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नगर विधायक संजय गर्ग ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में युवा व्यापारी अखिलेश गुप्ता द्वारा परिवार संग की गई आत्महत्या मामले में सूदखोरों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में नगर विधायक ने कहा कि शाहजहांपुर के व्यापारी ने सूदखोरों के चंगुल में फंसकर परिवार सहित आत्महत्या कर ली है। मृत व्यापारी ने मृत्यु पूर्व लिखे सुसाइड नोट में सब कुछ बयान किया है। उन्होंने सूदखोरों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस समय मध्यमवर्ग और निम्न आय वर्ग के व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट है। व्यापारी अपना खर्च चलाने के लिए सूदखोरों की चपेट में फंस रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विभिन्न योजनाओं के तहत बिना सिक्योरिटी के लोन देने की घोषणा पिछले वर्ष 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज के साथ की थी। उस घोषणा और मुद्रा लोन के तहत व्यापारियों को कोई मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने सरकार से जरूरतमंद व्यापारियों को बिना सिक्योरिटी के लोन दिलाने और सूदखोरों के चंगुल से आमजन को निकालने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।