प्लाज्मा थेरेपी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग
सहारनपुर। फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कोरोना पीड़ित मरीजों के लिए प्लाज्मा थेरेपी शुरू करने को लेकर आयुष राज्यमंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा।
बृहस्पतिवार को दिए ज्ञापन में ब्लड मोटिवेटर राजीव सैनी ने बताया कि प्लाज्मा थेरेपी कोरोना से पीड़ित मरीजों के लिए काफी कारगर साबित हुई है। जनपद में प्लाज्मा थेरेपी की मशीन होने पर भी यह प्रक्रिया यहां उपयोग में नहीं ली जा रही है। सहारनपुर से बाहर भर्ती अनेक मरीज प्लाज्मा थेेरेपी से स्वस्थ होकर वापस आ चुके हैं। अध्यक्ष पंकज पांचाल ने कहा कि सहारनपुर में प्लाज्मा थेरेपी शुरू करने को लेकर ट्रस्ट ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी ज्ञापन भेजा था, लेकिन 20 दिन बीत जाने पर भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। जितेन सैनी ने बताया कि प्लाज्मा बैंक की व्यवस्था न होने के कारण कोरोना से पीड़ित मरीजों को प्लाज्मा थेरेपी नहीं मिल पा रही है, जो मरीज जनपद से बाहर भर्ती हैं। उनके लिए प्लाज्मा डोनर को भी वहीं जाना पड़ता है, जिससे प्लाज्मा डोनर्स के संक्रमित होने का खतरा बढ़ जाता है और डोनर का पूरा दिन आने-जाने, प्री डोनेशन टेस्ट प्रक्रिया आदि में लग जाता है। संरक्षक विनीत रामपाल ने कहा कि जनपद सहारनपुर में प्लाज्मा थेेरेपी की समुचित व्यवस्था हो जाए तो मरीजों व प्लाज्मा डोनर्स के लिए यह काफी मददगार साबित होगी।