दिल्ली देहरादून हाईवे पर नदी के रास्ते वाहनों को निकालते चालक। श्रोत वाहन चालक
सहारनपुर, छुटमलपुर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रविवार शाम दो घंटे तक शिवालिक पहाड़ियाें के बीच भयंकर जाम लगा रहा। इस दौरान 20 मिनट का सफर तय करने में वाहनों को एक से डेढ़ घंटा तक लगा। बहुत से चालकों ने तो अपने वाहन नदी के रास्ते होकर निकाले। जाम खुलवाने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
त्योहारों की समाप्ति और वीकेंड से लौटने वाले यात्रियों के वाहनों का रेला रविवार शाम दिल्ली देहरादून हाईवे पर उमड़ा तो मोहंड से डाट काली मंदिर के बीच जाम लग गया। दस किमी के सड़क मार्ग पर वाहनों को रेंग-रेंग कर ही चलना पड़ा। शाम चार बजे लगा जाम छह बजे जाकर कुछ हल्का हुआ। इस दौरान पहले मोहंड चौकी पुलिस और फिर थाने से पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए मौके पर भेजे गए। जाम के हालात इतने खराब थे कि बहुत से चालकों ने जल्दी पहुंचने के लिए अपने वाहन नदी में नीचे उतार दिए। वहां भी उन्हें रेत और पत्थरों के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी। नो मोबाइल नेटवर्क जोन होने के कारण यात्रियों को और ज्यादा परेशानी हुई।
बता दें, कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे पर गणेशपुर से आसारोडी तक एलिवेटेड रोड बना दिया गया है। पिछले सप्ताह इसका ट्रायल भी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जा चुका है। दिसंबर के पहले सप्ताह से इसे वाहनों के लिए खोलने की योजना है। इसके चालू होने के बाद इस मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।