रामपुर मनिहारान। हाईवे पर रविवार की रात कैंटर की टक्कर से ट्रैक्टर से जा रही एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कैंटर चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और घायल महिला को सीएचसी रामपुर मनिहारान भिजवाया। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
हादसा रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में रविवार की रात आठ बजे दिल्ली रोड पर ताज नर्सरी के पास हुआ। नगर के मुहल्ला इकराम की मंजरी (35) और सरला अन्य महिला मजदूर साथियों के साथ मजदूरी करके ट्रैक्टर ट्राली से रामपुर मनिहारान लौट रही थी। जैसे ही ये कसबे के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे कैंटर ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर बैठी उक्त दोनों महिलाएं उछल कर सड़क पर जा गिरीं। इनमें मंजरी की पहियों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह टायरों के बीच से मृतका के शव को निकाल कर उसका पंचनामा भरा, जबकि सरला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।