थाना सदर बाजार क्षेत्र में नवादा रोड पर कमल विहार जाली वाली फैक्टरी निवासी शिवचरण रोहिला बृहस्पतिवार रात कोतवाली मंडी क्षेत्र के रहने वाले नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी में शामिल हुए थे। शादी समारोह गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में चल रहा था। नवीन उपाध्याय का रिश्तेदार रोहित उपाध्याय निवासी मोहल्ला सरस्वती विहार थानाभवन जिला शामली डीजे पर गाना बजवाकर हाथ में पिस्टल लेकर डांस कर रहा था।
इसी दौरान पिस्टल से गोली चल गई, जो पास में खड़े शिवचरण रोहिला की छाती में जा लगी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन व अन्य लोग घायल शिवचरण को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिवचरण रोहिला पर मानकमऊ मंडल में महामंत्री का पद था।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एएसपी मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के बेटे हर्षित रोहिला की तहरीर पर हत्या की धारा में रोहित उपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी रोहित उपाध्याय को बाबा लालदास मंदिर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है।
मूलरूप से चंदनपुर के रहने वाले थे शिवचरण
शिवचरण रोहिला मूलरूप से रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव चंदनपुर के रहने वाले थे। वह पिछले करीब 20 साल से थाना सदर बाजार क्षेत्र में नवादा रोड पर कमल विहार जाली वाली फैक्टरी में किराये पर रह रहे थे। उनका एक बेटा और एक बेटी है। दोनों की अभी शादी नहीं हुई है। चंदनपुर गांव में महापौर डॉ. अजय कुमार व पूर्व महापौर संजीव वालिया पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।