सड़क पर बने कट से गुजरता बाइक सवार।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सड़कों पर कट हादसों का कारण बन रहे हैं। कहीं सड़क के डिवाइडर पर कट हैं तो कहीं हाईवे पर संपर्क मार्गों के कट लगे हुए हैं। ये कट ही जानलेवा बन गए हैं। लोग गलत तरीके से कटों से वाहनों को को निकालने की कोशिश करते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं। जिले में कई दुर्घटनाएं हो चुकीं हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है।
सहारनपुर की सड़कों पर ऐसे कट बने हुए हैं जिनसे लगातार दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। शहर में डिवाइडर के कट जानलेवा बन गए हैं तो हाईवे पर गांवों के संपर्क मार्गों के कट पर लापरवाही मौत का सबब बन रही है। पिछले सप्ताह ही दो दुर्घटनाएं कट के चलते ही हुईं। चिलकाना रोड पर युवक डिवाइडर से कट लेकर दूसरी ओर मुड़ने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान क्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। दिल्ली बस अड्डे के सामने भी बाइक सवार ने डिवाइडर के कट से निकलने की कोशिश की और असंतुलित होकर गिर पड़ा। जिससे बाइक पर बैठी महिला गिर पड़ी और ट्रक की चपेट में आ गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। एक दो नहीं शहर में ऐसी कई दुर्घटनाएं हो चुकीं हैं जिनमें मौत हो रहीं हैं। देहरादून रोड पर एसएएम इंटर कॉलेज के नजदीक कट पर पिछले माह ही दो युवकों की मौत हो चुकी है। दिल्ली रोड पर हसनपुर चौक के निकट कट से एक महिला की मौत हो चुकी है। देहरादून रोड पर अंबेडकर चौक के निकट कट से भी पिछले माह दो युवकों की मौत हुई थी। घंटाघर के निकट अस्थायी बस एवं ऑटो स्टैंड के सामने का कट भी बेहद खतरनाक है। विश्वकर्मा चौक का कट तो इमना खतरनाक है कि यहां तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सिर्फ शहर ही नहीं शहर से बाहर की सड़कों पर भी गांवों के संपर्क मार्गों के कट जानलेवा साबित हो रहे हैं। देवबंद के निकट साखन नहर पर सड़क के कट पर तो आए दिन ही दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। कई स्थानों पर तो संकेतक भी नहीं लगे हैं।
जहां चाहा लगा लिया कट
सहारनपुर की सड़कों पर कुछ दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान मालिकों ने अपने सामने की सड़क पर बने डिवाइडर को अपनी सहूलियत के अनुसार ही तुड़वा दिया। जिससे उसकी दुकान पर ग्राहक को आने में आसानी हो। लेकिन ये कट ही दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।
निर्धारित स्थान पर ही होने चाहिए कट - टीएसआई
यातायात उप निरीक्षक पवन कुमार तोमर का कहना है कि डिवाइड पर कट नहीं होने चाहिए। कट होने पर लोग बीच से ही अपना वाहन निकालने की कोशिश करते हैं और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। निर्धारित स्थान पर संकेतकों के साथ ही कट लगे होने चाहिए। गांवों के संपर्क मार्गों के कट पर संकेतक बोर्ड होने चाहिए।
सड़क पर बने कट से गुजरते बाइक सवार। - फोटो : SAHARANPUR