शिवालिक वन प्रभाग की बादशाही बाग रेंज में मिला मृत तेंदुआ। श्रोत-ग्रामीण
मिर्जापुर। शिवालिक तलहटी की बादशाही बाग रेंज में एक तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा मिला। गश्त कर रही वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीएफओ शिवालिक श्वेता सैन ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
दरअसल, शिवालिक वन प्रभाग की बादशाही बाग रेंज परिसर से आगे सहारनपुर-विकासनगर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग का गेस्ट हाउस है। उससे ऊपर शिवालिक जंगल में वन विभाग की टीम बुधवार देर रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने देखा कि झाड़ियों के पीछे एक तेंदुआ पड़ा है। तेंदुए के शरीर में कोई हलचल न होती देख हिम्मत करके टीम ने पास जाकर देखा तो पता चला कि वह मर चुका था। इसके बाद टीम रेंज कार्यालय पहुंचकर वन क्षेत्राधिकारी बिशन सिंह को इसकी जानकारी दी।
बिशन सिंह ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को रेंज कार्यालय लाया गया। डीएफओ शिवालिक श्वेता सेन ने बताया कि तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसके बाद ही उसकी मौत की वजह पता चल सकेगी। माना जा रहा है कि तेंदुआ पानी की तलाश में इस तरफ आया होगा। बता दें कि बुधवार को भी सदर सामाजिक वानिकी रेंज क्षेत्र में गांव करौंदी में भी एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला था। 24 घंटे के अंदर दो तेंदुओं की मौत से वन विभाग में हड़कंप मचा है।