बेहट (सहारनपुर)। गांव बाबैल बुजुर्ग के पास हाईवे किनारे खाई में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक युवक के चेहरे पर गहरे जख्म बने हुए थे। माना जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, हालांकि अभी तक इस मामले में मृतक के परिवार वालों की तरफ से किसी भी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई।
शनिवार की रात गांव बाबैल बुजुर्ग के ग्राम प्रधान नाहर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के पास हाईवे किनारे खाई में एक युवक की लाश पड़ी है। मृतक के चेहरे पर गहरे जख्म है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आलम (35) पुत्र जरीफ निवासी गांव बिजोपुरा थाना देहात कोतवाली के रूप के हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के चेहरे पर बने गहरे जख्मों एवं मौके पर किसी भी तरह के निशान आदि नहीं मिलने पर माना जा रहा है कि युवक की अन्य जगह पर हत्या कर शव यहां फेंका गया है, जबकि पुलिस हत्या की बात से इंकार कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा का कहना है, कि मृतक नशे का आदि था। प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना प्रतीत हो रही, हालांकि जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक मृतक के परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है।
आलम यहां पहुंचा कैसे
बेहट। आलम की मौत को पुलिस दुर्घटना मानकर चल रही है, जबकि आलम की लाश या उसके पास कोई वाहन नहीं मिला। ऐसे में सवाल यहीं है, कि आखिर उसकी दुर्घटना कैसे और किससे हुई। दूसरे वह यहां तक पहुंचा कैसे।