फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘बिटिया के हत्यारे को फांसी दिलवाओ’

Sat, 09 Jan 2016 01:09 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
लेबर कॉलोनी से लापता बच्ची की लाश मिलने के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराकर जैसे ही कुतुबशेर पुलिस बेटी का शव लेकर पहुंची तो क्षेत्र के लोगों ने बिटिया के हत्यारे को तुरंत पकड़ने और उसे फांसी की सजा दिलवाने की मांग की।
विज्ञापन


रोष जाहिर करते हुए कुछ लोगों ने सर्किट हाउस रोड पर धरना देकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने परिजनों और क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस घटना का खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार दोपहर जब तन्नू का शव लेबर कॉलोनी पहुंचा तो आसपास के काफी लोग और महिलाएं जमा हो गई। लेबर कॉलोनी के साथ ही लक्कड़ माजरा से पहुंचे लोगों ने बच्ची के साथ हुई घटना पर रोष जताया। कुछ लोग तो तंत्र मंत्र के शक में ही हत्या का शक जताते रहे, जबकि कुछ लोगों ने आशंका जताई कि उसके साथ दुष्कर्म जैसी दरिंदगी की गई।
विज्ञापन


तन्नू की अर्थी उठने से पहले पुलिस को यहां के लोगों का समझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोग यहां से सर्किट हाउस रोड की ओर पहुंचे और वहां सड़क पर धरना देकर प्रदर्शन किया, लेकिन मोहल्ले के कुछ मौजिज लोगों ने उन्हें समझाकर शांत कर दिया।

कई लोगों को हिरासत में लिया गया ः सहारनपुर। थाना
कुतुबशेर से पहुंचे एसएसआई धीरेंद्र ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम होने के बाद उन्होंने इतना ही कहा कि तंत्र मंत्र से जुड़ा मामला यह नहीं लग रहा है। हालांकि दुष्कर्म जैसी संभावना से उन्होंने इनकार नहीं किया।

उन्होंने कहा कि इस मामले में कॉलोनी और आसपास के कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसलिए लोग धैर्य से काम लें। इस हत्याकांड का खुलासा जल्द होगा।

बेटियों को सुरक्षा दिलाएं पुलिस प्रशासन ः सहारनपुर। नाबालिग बिटिया के अपहरण और हत्या के मामले में सांसद राघव लखनपाल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरपी यादव से मिले। उन्होंने लेबर कॉलोनी प्रकरण पर गहरी चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं रह गई हैं। यही हाल रहा तो अभिभावक न तो बेटियों को स्कूल भेज पाएंगे और न ही दुकान पर या रिश्तेदारी में। सांसद ने घिनौनी वारदात को अंजाम देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने इस मामले में कोई लापरवाही की तो वह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान संदीप रावत, अशोक श्रीवास्तव, मानवेंद्र नाथ, पूर्व सभासद कालीचरण शर्मा, राजकुमार त्यागी, नीरज, सतीश त्यागी, दीप नारायण आहुजा, शीतल विश्रोई, यशपाल सिंह, राकेश राणा, रामाशंकर, राजेंद्र कुमार, संजीव राणा, पवन ठाकुर आदि शामिल रहे।

बेटी का शव देख बिफर गई सीमा
सहारनपुर। लेबर कॉलोनी से लापता 11 वर्षीय बिटिया तानिया उर्फ तन्नू की लाश मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम होने पर जब उसका शव यहां पहुंचा तो उसकी मां सीमा अपना आपा खो बैठी। रोते बिलखते वह खुद को ही कोसती रही कि उसकी वजह से बिटिया हमेशा के लिए उसका साथ छोड़ गई।

यहां लाश पहुंचने के करीब एक घंटा बाद जब उसे अर्थी पर ले जाया गया तो उसे संभालना मुश्किल हो गया। महिलाओं ने बमुश्किल उसे संभाला। क्षेत्र की महिलाएं भी नम आंखों से इस घटना पर दुख जताती रही। एक तरफ तो बिटिया की लाश पर मां दहाड़े मारती रही। बड़बड़ाती रही तो दूसरी तरफ उसका पिता सुशील घर के बाहर एक दरी पर नशे की हालत में बहकता रहा। आसपास के लोगों ने बताया कि सुश्ील शराब के नशे में अक्सर इसी हालत में रहता है।

कुछ महिलाएं तो उसकी शराब पीने की लत पर गुस्सा जाहिर करती रही और उसे पीटने तक पर उतारू हो गई, लेकिन बाद में अन्य बुजुर्गों ने इससे रोका। जब बेटी की अर्थी घर से उठी तब भी पिता न तो उसके पास आया और न ही उसकी अर्थी को कंधा ही दिया। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें