सहारनपुर। पुंवारका में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू कराने की तारीख शासन ने तय कर दी है, लेकिन अभी जिला पंचायत से क्लीयरेंस नहीं मिला है। उसके लिए करीब चार लाख रुपये जिला पंचायत में जमा कराने होंगे, साथ ही जिस जमीन पर निर्माण होना है, वहां से विद्युत लाइन भी शिफ्ट होनी बाकी है।
जनपद के पुंवारका में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण होना है। जिसकी मंजूरी कैबिनेट से मिल चुकी है। शासन ने लोक निर्माण विभाग को इसका निर्माण कराने के लिए मॉनिटरिंग एजेंसी नियुक्त किया है। करीब 565 करोड़ रुपये से दो चरणों में इसका निर्माण होना है। पहले चरण में प्रशासनिक भवन और शैक्षणिक भवनों का निर्माण होगा। पहले चरण में होने वाले निर्माण के लिए शासन ने पूर्व में ही 92 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से भी 100 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
एक सप्ताह पहले ही शासन ने राज्य विवि के निर्माण शुरू करने की तारीख तय कर दी और नौ जुलाई से इसका आरंभ माना गया। वहीं, अभी इसमें कुछ अड़चन भी आ रही है। क्योंकि मानचित्र स्वीकृति के लिए जिला पंचायत से क्लीयरेंस लेना है, जिसके लिए करीब चार लाख रुपये जमा कराने होंगे। यह धनराशि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जिला पंचायत को बतौर शुल्क अदा की जाएगी। इसके अलावा विद्युत लाइन शिफ्ट कराने के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों से भी पत्राचार चल रहा है।
ईपीसी मोड पर होना है निर्माण
राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण ईपीसी (इंजीनियर प्रोक्योरमेंट कंस्ट्रक्शन) मोड पर कराया जाना है। जिस तरह से स्मार्ट सिटी योजना में ईपीसी मोड पर कार्य कराए जाते हैं, उसी तर्ज पर विश्वविद्यालय का भी निर्माण कराया जाना है।
विवि का निर्माण शुरू कराने की तारीख मिल गई है। टेंडर होने के बाद ठेकेदार ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल जिला पंचायत से क्लीयरेंस मिलनी है और विद्युत लाइन शिफ्ट होनी बाकी है।
-- अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
राज्य विश्वविद्यालय के मानचित्र के संबंध में करीब चार लाख रुपये शुल्क जमा कराया जाना है, जिसके संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र भेज दिया है। शुल्क जमा कराते ही क्लीयरेंस दे दी जाएगी।
-- डॉ. सुमनलता, अपर मुख्याधिकारी, जिला पंचायत सहारनपुर