सहारनपुर। नगर निगम द्वारा भेजे गए नोटिसों के बाद से डेयरी संचालकों में डर के साथ ही रोष भी बना हुआ है। डेयरी संचालकों ने शुक्रवार को निगम परिसर में धरना और प्रदर्शन किया। डेयरियां शहर से बाहर ले जाने के लिए जमीनें मुहैया कराने की मांग नगर निगम अधिकारियों से की।
शुक्रवार को नगर निगम में धरना दे रहे डेयरी संचालक अकरम, लियाकत, मोहम्मद हसन और अमरीश वर्मा ने बताया कि उनके बड़े वर्षों से डेयरियां चला रहे हैं। डेयरी संचालन उनका रोजगार है, जिससे उनके परिवारों का पेट पलता है। नगर निगम ने डेयरियों को शहर से बाहर ले जाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। विरेंद्र कुमार, रमेश कुमार, बंगाल सिंह, शिव कुमार, राजेंद्र सिंह, सुरेश, विश्वास, जाकिर, अनीस और इमरान ने बताया कि डेयरियां बाहर ले जाने के लिए शहर से बाहर जमीन चाहिए जो उनके पास नहीं है। यदि नगर निगम उन्हें शहर से बाहर जमीनें मुहैया करा दे तो वह डेयरियां बाहर ले जाने की सोच सकते हैं। यदि नगर निगम जमीन मुहैया नहीं कर सकता है तो उसे अपने आदेश पर पुनर्विचार करना चाहिए। इस दौरान डेयरी संचालकों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में इमरान, जावेद, साजिद, दीपक, प्रदीप कुमार, अमरजीत सिंह, गगनदीप सिंह, लियाकत, अहमद, सीम, अमीर, अमरीश, खुर्शीद, सुरेशचंद, गुलशन, मुजफ्फर आदि शामिल रहे।