देवबंद। मोहल्ला बड़जियाउलहक पर आस मोहम्मद के मकान में खाना बनाने के दौरान घरेलू गैस सिलिंडर ने आग पकड़ ली। पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से जानी नुकसान होने से बच गया, लेकिन रसोई में रखा सामान जल गया।
घटना बुधवार रात की है। आस मोहम्मद के परिवार की महिलाएं रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ गई। ऊंची-ऊंची आग की लपटें देख महिलाओं में चीख पुकार मच गई। काफी संख्या में आस पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए। आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हुए। इस बीच मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी कपिल राणा और बृजेश ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गीला कपड़ा डालकर आग पर बामुश्किल काबू पाया। पुलिस ने बताया कि रेगुलेटर से गैस का रिसाव होने के कारण आग लगी। समय पर जानकारी मिलने से बड़ा हादसा होने से बच गया।