सहारनपुर। ऑनलाइन गेम फ्री फायर के माध्यम से नाबालिग को लालच देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने गेम में अलग-अलग प्रकार के सामान देने का झांसा देकर नाबालिग से उसके पिता के तीन बैंक खातों से 8.86 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इस मामले में साइबर क्राइम ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
तीतरों के गांव रादौर निवासी अभिषेक शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि पिता के एचडीएफसी बैंक के एक खाते और पंजाब नेशनल बैंक के दो खातों से एक जुलाई 2024 से 29 अप्रैल 2025 के बीच लगातार अलग-अलग रकम निकाली गई। जब परिवार को रुपये की आवश्यकता पड़ी और बैंक खाते की जानकारी ली गई, तब खाते में बहुत कम धनराशि शेष मिली। जांच करने पर पता चला कि फ्री फायर गेम के नाम पर नाबालिग भाई को बहलाकर 8.86 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए हैं। पीड़ित ने साइबर क्राइम के एनसीसीबी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है। साइबर क्राइम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।