नजीबाबाद। सावन मास में कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम कांवड़ यात्रा मार्ग देने के लिए प्रशासन सजग और सतर्क है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रकाश और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए ए श्रेणी के सहायता केंद्र बनाए हैं।
एसडीएम और सीओ ने कांवड़ यात्रा से जुड़े मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। सोमवार को नजीबाबाद थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रकाश और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की। कांवड़ियों के लिए हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर दाना पानी होटल के पास, इंडियन गैस गोदाम बिजौरी तिराहे पास, मालगोदाम तिराहा, आजाद चौक, देव फिलिंग पेट्रोल पंप जलालाबाद, कोतवाली मार्ग पर बसीरपुर नहर के पास, आदर्शनगर पुलिस चौकी समेत 19 ए श्रेणी के सहायता केंद्र बनाए गए हैं। चार सेक्टर और 11 माइक्रो सेक्टर के साथ कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा देने की तैयारी है। सोमवार को एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और सीओ आकांक्षा गौतम ने कांवड़ यात्रा से जुड़े मार्गों और सहायता केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सहायता केंद्रों पर व्यापक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।