सहारनपुर के अंबेहटा में लोन दिलाने के नाम पर साढ़े 12 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। 30 हजार रुपये प्रति महिला लोन दिलाने का झांसा देकर एक हजार महिलाओं से ठगी कर ली गई।
पीड़ितों ने मामले की शिकायत एसएसपी से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शभूगढ़ गांव निवासी संदीप कुमार पुत्र कलीराम ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा संदीप और उसके साथियों को स्माइल माइक्रो फाइनेंस कंपनी में नौकरी दिलाने की बात कहकर उनका साक्षात्कार लिया।
फिल्ड आफिसर के पद कार्य करने की बात कहते हुए साढे़ 12 हजार रुपये प्रतिमाह सैलरी तय कर दी। बताया कि उन लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें प्रति महिला 30 हजार रुपये का लोन देना है।
इसके लिए हर एक महिला से 1250 फाइल चार्ज के लेने हैं। संदीप ने बताया कि उन लोगों ने गांव दर गांव घूमकर करीब एक हजार महिलाओं को इसके लिए तैयार किया तथा हर महिला से 1250 रुये लेकर उन लोगों को दे दिया।
बताया कि उन लोगों के 24 घंटे के भीतर हर महिला के खाते मे 30 हजार रुपये आ जाने की बात कही। परंतु कई दिन तक भी जब कोई पैसा महिलाओं के खाते में नहीं आया तो कंपनी के अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया। परंतु उनके कार्यालय पर ताला लटका मिला।
संदीप ने बताया कि जब वे लोग एक आरोपी के घर पहुंचे तो उसने दुर्व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। संदीप व उसके साथियों की ओर से एक महिला सहित चार लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का दरवाजा खटखटाया गया है। उधर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिली है जांच की जा रही है।