दिल्ली रोड स्थित सब्जी मंडी के पास शापिंग माल में नशे में एक महिला से छेड़छाड़ कर दी गई। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस भी पहुंच गई। आरोपी पहले तो आरोप से इनकार करता रहा, लेकिन बाद में माफी मांगते हुए छोड़ने की गुहार लगाई।
शनिवार दोपहर दिल्ली रोड स्थित शापिंग माल में एक महिला खरीदारी करने पहुंची थी। इस दौरान उसके साथ एक युवक ने छेड़छाड़ कर दी। शोरशराबा होने पर भीड़ इकट्ठा हो गई और आरोपी को युवक लिया। बताया गया कि आरोपी युवक नशे में था। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और आरोपी युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुद को रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव का निवासी बताया। आरोपी पहले तो महिला के आरोपों से इनकार करता रहा, लेकिन बाद में गलती मानी और माफी मांगते हुए छोड़ देने की गुहार करने लगा।
इस दौरान आरोपी युवक के पक्ष में आए कुछ लोगों ने भी कार्रवाई न करने का दबाव बनाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
बता दें कि शहर में युवतियों और महिलाओं के लिए ऐसे मनचले और खुराफाती पुलिस के लिए मुसीबत बन रहे हैं। नए साल को नजदीक देखते हुए पुलिस भी शापिंग माल से लेकर ढाबों और होटलों में निगरानी बढ़ा रही है।