सहारनपुर में देवबंद के सहारनपुर मुजफ्फरनगर मार्ग पर एक युवती से गैंगरेप का प्रयास किया गया। युवती अपने फुफेरे भाई के साथ मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए जा रही थी।
तभी चार लोगों ने अश्लील हरकतें करते हुए उसे एक खेत में खींचने का प्रयास किया। विरोध किया तो चारों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो मौका पाकर फरार हो गए।
शनिवार की दोपहर थाना नागल क्षेत्र की एक युवती अपने फुफेरे भाई के साथ बाइक पर देवबंद स्थित एक मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए जा रही थी। साखन नहर के समीप वह कुछ देर के लिए रुक गए। इस दौरान वहां पहुंचे चार लोगों ने युवती के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया।
उसे जबरन ईख के खेत में खींचने का प्रयास भी किया। दोनों भाई-बहन ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को देख आरोपी फरार होने लगे।
लेकिन कुछ ही दूरी पर भीड़ ने दो लोगों को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए। जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में एक ने अपना नाम शाहनवाज निवासी लबकरी और दूसरे ने सोनू निवासी भरतपुर बताया।
जबकि फरार हुए साथियों के नाम फैसल और बाबर निवासी लबकरी बताए गए। कोतवाल बिजेंद्र यादव ने बताया कि युवती की तहरीर पर चारों लोगों के खिलाफ अश्लील हरकतें करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। यादव का कहना है कि फरार लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास हो रहे हैं।