सहारनपुर के नागल के गांव सोहनचिड़ा में अवैध शराब की कसीदगी व बिक्री के विरुद्ध ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जंगल पहुंच अवैध भट्टियों को ध्वस्त करने के साथ ही वहां बरामद सामान को अपने कब्जे में ले लिया।
बाद में गांव में पंचायत कर निर्णय लिया किया शराब बेचने वाले पर दस हजार रुपये और पीने वाले पर एक हजार रुपये का अर्थदंड वसूला जाएगा।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से गांव सोहनचिडा में अवैध शराब का कारोबार एकाएक बढ़ गया है। आस पास के गांवों के शराबी शाम ढलते ही
सोहनचिडा का रुख करने लगते हैं। जहां दुकान लगाकर शराब की बिक्री होती है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गांव में छापेमारी की। कई बार शराब पकड़ी जबकि बेचने वाले एक बार भी हत्थे नहीं चढ़े।
गांव का माहौल खराब होता देख ग्राम प्रधान अतंशमा के पिता अमजद गाड़ा ने ग्रामीणों की पंचायत की। समस्या से निपटने के लिये राय मांगी। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया
कि जो व्यक्ति गांव में शराब बेचता पाया गया उसे ग्रामीणों द्वारा गठित कमेटी को दस हजार रुपये व पीने वाले को एक हजार रुपये जुर्माना देना होगा। कमेटी में अमजद, जव्वाद, जुबैर, साजिद, मरगूब, कफील, फारूख, बाबूराम, अशोक, सिप्पा, यशपाल, जगदीश, महेन्द्र, वीरसिंह को शामिल किया गया।
पंचायत के बाद ग्रामीणों ने जंगल में छापेमारी कर शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया और वहां मिले उपकरणों को कब्जे में ले लिया। इससे शराब कसीदगी करने वालों में हड़कंप मचा है।