हरियाणा के अंबाला से टाटा सफारी में अवैध शराब लेकर जा रहे तस्करों ने मंगलवार शाम आबकारी टीम को दो घंटे से भी अधिक समय तक दौड़ाया। घंटाघर से बासठफुटा रोड पर कई रास्तों से होते हुए तस्करों की गाड़ी का पीछा किया गया तो तस्करों की ओर से आबकारी टीम और बाद में मंडी पुलिस पर भी फायरिंग की गई।
हैरानी की बात यह रही कि तमाम खतरे उठाने के बाद आरोपी एक बार पकड़ में आने के बावजूद रास्ते की भीड़ का साथ मिलने के कारण तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। जब्त की गई सफारी में 50 पेटी अंग्रेजी अवैध शराब बताई गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
आबकारी विभाग की टीम को मंगलवार दोपहर बाद सूचना मिली थी कि हरियाणा के अंबाला से एक सिल्वर कलर की टाटा सफारी में कुछ लोग तस्करी की अवैध शराब जिले में लेकर पहुंचे हैं।
एक मुखबिर की सूचना के आधार पर आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर राजबीर सिंह, अशोक कुमार और दो अन्य सिपाहियों की टीम ने अपनी गाड़ी ने उनका पीछा करना शुरू किया। बताया जा रहा है कि पीछे लगी टीम को भांपते हुए यह बदमाश घंटाघर से गुरुद्वारा रोड तक टाटा सफारी को इधर उधर घुमाते रहे।
इसके चलते पहले अंबाला रोड और फिर गुरुद्वारा रोड पर राहगीरों में भी अफरातफरी मची रही। रास्ते में सफारी में बैठे शराब तस्करों की ओर से टीम पर फायरिंग भी की गई। इसके बाद सफारी में सवार शराब तस्कर गुरुद्वारा रोड से बासठफुटा रोड के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पहुंच गए।
इसी बीच, थाना मंडी पुलिस को भी मदद के लिए सूचित किया गया। भीड़ वाले क्षेत्र में एक बार तो टीम सफारी गाड़ी तक पहुंच गई और एक आरोपी को भी पकड़ लिया गया। लेकिन भीड़ का साथ मिलने के कारण वह छूट गया। तमाम जद्दोजहद के बाद इसी मार्ग पर तस्कर गाड़ी को छोड़कर फरार हो गए।
आरोपियों तक पहुंचकर भी तस्कर हुए गिरफ्त से दूर
जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार और थाना मंडी प्रभारी एसके दुबे ने दावा किया कि शराब तस्करों को पकड़ने की पूरी जद्दोजहद की गई, लेकिन रास्ते में आम लोगों की भीड़ होने और बाद में आरोपियों को भीड़ का साथ मिलने के कारण आरोपी गिरफ्त से निकल गए।
उन्होंने कहा कि पीछा कर ही टीम पर रास्ते में कई बार फायरिंग की गई। उन्होंने माना कि एक बार आरोपी गिरफ्त में आ चुके थे। लेकिन रास्ते में लोगों की भीड़ होने और बाद में भीड़ का साथ मिलने से वे गिरफ्त से दूर हो गए। उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।