सहारनपुर में पत्नी द्वारा किए जा रहे मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न से दुखी एक व्यक्ति ने इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। आरोप है कि पत्नी अपने पिता और भाइयों के साथ मिलकर उस पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे करा चुकी है,
जिसके बाद समझौते के नाम पर रुपये ऐंठती है। वह अपने पहले दो पतियों को भी इसी तरह परेशान कर चुकी है। चाय की दुकान चलाने वाले नरेश ने बताया कि गरीबी और घर की जिम्मेदारी की वजह से उसने 36 साल की उम्र में वर्ष 2012 में शादी की।
जिससे उसकी शादी हुई वह अपने पहले दो पतियों को छोड़ चुकी थी। बताया गया था कि उसके पहले पति अच्छे इनसान नहीं थे, जिसकी वजह से उसको उन्हें छोड़ना पड़ा। ऐसे में नरेश के परिवार के लोग शादी को राजी हो गए।
नरेश का आरोप है कि पहले दिन से पत्नी उस पर हावी है। वह दहेज उत्पीड़न समेत अभी तक उस पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज करा चुकी है। आरोप है कि मुकदमे दर्ज कराने का मकसद समझौते के नाम पर उससे रुपये एेंठना है। बताया कि एक बार वह उससे एक लाख रुपये भी ले चुकी है।
अब फिर से रुपये का दबाव बना रही है। बताया कि उसका पिता और दो भाई भी उसक साथ इस धंधे में शामिल हैं। यह भी बताया कि वह अपने पहले दो पतियों के साथ भी यही कर चुकी है।
पत्नी के उत्पीड़न से परेशान नरेश मंगलवार को डीएम से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचा था, मगर मुलाकात नहीं हो सकी। नरेश ने बताया कि पत्नी के उत्पीड़न की वजह से वह न तो अपनी दुकान खोल पा रहा है और न ही चैन से सो पा रहा है।
बताया कि ऐसी जिंदगी से मौत अच्छी। इसी लिए वह डीएम से इच्छा मृत्यु की अनुमति लेने पहुंचा था। बताया कि वह एसएसपी, एसपी सिटी और संबंधित थाने में भी अनेक बार प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगा चुका है, मगर पुलिस भी कोई मदद नहीं कर रही है।