सहारनपुर के बिहारीगढ़ में शराब के नशे में वार्डन ने रात को बीएएमएस के गर्ल्स हास्टल में घुस कर छेड़छाड़ की। इससे गुस्साए छात्र-छात्राओं ने बृहस्पतिवार की सुबह दून आयुर्वेदिक कालेज पर जमकर हंगामा करते हुए दून हाईवे जाम का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी वार्डन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने के साथ ही चेयरमैन, उनके पिता और दो रिश्तेदारों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। एसएसपी ने छात्राओं की शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रबंध तंत्र के खिलाफ जांच कराने की बात कही है।
बुधवार की रात नौ बजे सुंदरपुर के दून आयुर्वेदिक कालेज के हास्टल में रहने वाली छात्राओं ने बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष को फोन पर शिकायत की कि उनका वार्डन राकेश चौधरी शराब पी कर हास्टल में घुस आया है और छेड़छाड़ कर रहा है। पुलिस तत्काल कालेज पहुंची और वार्डन को लेकर थाने आ गई। उसका रात में ही मेडिकल कराया गया।
एसओ के अनुसार चिकित्सीय परीक्षण में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। छात्राओं की तहरीर पर रात साढे़ दस बजे रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोप है कि बृहस्पतिवार की सुबह प्रबंधन की तरफ से पुलिस को सूचना देने पर शिकायतकर्ता छात्राओं को फटकार लगाई गई। जिससे बाद छात्र-छात्राओं का गुस्सा भड़क उठा और वे कालेज के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां लेकर दून हाईवे पर आ गए।
यहां जाम लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। हंगामे के दौरान चेयरमैन के दो रिश्तेदार युवकों ने पुलिस से अभद्रता की। पुलिस चेयरमैन प्रवीन चौधरी, उनके पिता इंद्र सिंह सागवान और दो रिश्तेदार युवकों तुषार चौधरी, प्रियांशु उर्फ ईशु को हिरासत में ले कर थाने आ गई।
थाना पुलिस ने उक्त चारों का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया। उधर, चेयरमैन प्रवीन चौधरी का कहना है कि वार्डन पर लगाया गया छेड़छाड़ का आरोप मिथ्या है। कड़े अनुशासन के कारण छात्राओं ने उक्त आरोप लगाया है। पूर्व में छात्राओं द्वारा ऐसी कोई शिकायत नहीं की गई थी।
वार्डन लंबे समय से कर रहा था छेड़छाड़
वार्डन लंबे समय से हास्टल में रहने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। बुधवार की रात जब वार्डन ने फिर से वही हरकत की तो छात्राओं का सब्र जवाब दे गया। छात्राओं ने इसकी शिकायत प्रबंधन से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्राओं का कहना है कि यदि प्रबंधन ने पहले ही उनकी शिकायत सुन ली होती तो सड़कों पर नहीं उतरना पड़ता।
छात्राओं ने बताया कि बुधवार को भी जब रात में उन लोगों ने चेयरमैन से छेड़छाड़ की शिकायत की तो उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके बाद डायल सौ को खबर की गई। पुलिस वहां पहुंची, लेकिन गेट के बाहर से ही लौट गई। इसके बाद छात्राओं ने थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ के सीयूजी नंबर पर फोन किया। मामले की गंभीरता समझ एसओ तत्काल फोर्स के साथ कालेज पहुंचे तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। वार्डन नशे में लड़खड़ा रहा था।
उसने पुलिस की मौजूदगी में ही शिकायतकर्ता छात्राओं को देख लेने की धमकी भी दी। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई। बताया जाता है कि वार्डन राकेश चौधरी चेयरमैन का रिश्तेदार है। आरोप है कि पुलिस को खबर करने पर चेयरमैन ने परीक्षा में बैक दिलाने की धमकी भी दी। उन पर मामला दर्ज न कराने का दबाव बनाया गया। छात्राओं का कहना था कि वे कैंपस में सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने थाना पुलिस से रात्रि में कालेज में ड्यूटी की मांग की। एसओ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि भविष्य में उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उधर, चेयरमैन प्रवीन चौधरी ने सारे आरोपों को गलत बताया है।
चेयरमैन ने की गर्ल्स हास्टल बंद करने की घोषणा
बिहारीगढ़। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि जब उन लोगों ने कालेज में प्रवेश लिया था तब जो सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया था उनका यहां सर्वथा अभाव है। पीने के पानी में कीड़े तक निकलते हैं। कैंटीन में अच्छा खाना नहीं मिलता है। इस पर चेयरमैन प्रवीन चौधरी का कहना था कि हास्टल में रहने की कोई बाध्यता नहीं है। वैसे भी इस घटना के बाद उन्होंने कालेज में गर्ल्स हास्टल को बंद करने का निर्णय ले लिया है। एक सप्ताह में हास्टल खाली करा लिया जाएगा। इसके लिए छात्राओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
छात्राओं की छेड़छाड़ की शिकायत पर पुलिस कालेज में गई थी। वहां मौके से पकड़े गए वार्डन के चिकित्सीय परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि हुई है। उसे रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया। प्रबंधन के खिलाफ गंभीर शिकायतें आई हैं उनकी जांच बैठाई जा रही है।
उपेंद्र कुमार अग्रवाल एसएसपी सहारनपुर