शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय गेट स्थित चौकी हजियानी के पास स्थित कुएं का विवाद शनिवार फिर भड़क उठा। यहां स्थित मस्जिद के सामने कुएं के आसपास की जमीन पर अल्पसंख्यक विभाग के माध्यम से इसको वक्फ की जमीन बताते हुए चहारदीवारी कराने की कवायद शुरू की गई। इस पर मोहल्ले के दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि कुआं उनकी आस्था का प्रतीक है। यहां सालों से पूजा की जाती रही है।
इसको बंद नहीं किया जा सकता, जबकि चहारदीवारी कराने वालों का कहना था कि यह वक्फ की जमीन है। यहां पर चहारदीवारी कराकर इसे सुरक्षित कराया जाएगा। इसे लेकर दोनों समुदायों के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने कोतवाली प्रभारी को घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। बाद में सीओ सिटी आले हसन और एसडीएम सदर अरविंद कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए।
इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस बीच मोहल्ले के कलुवा नाम के एक व्यक्ति ने पुलिस व प्रशासनिक अफसरों पर उपेक्षा का आरोप लगाते खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। इस पर पुलिस ने तुरंत ही कलुवा से केरोसिन की बोतल छीन कर आत्मदाह की कोशिश से बचा लिया। हंगामे की सूचना मिलते ही डीएम राकेश कुमार सिंह, एसपी साधना गोस्वामी, एडीएम एमपी सिंह, एएसपी तारिक मोहम्मद कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए,जहां अफसरों ने दोनों पक्षों को किसी तरह समझाबुझाकर शांत किया। डीएम ने यहां अल्पसंख्यक विभाग को फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। इसके बाद भी मुहल्ले में जबर्दस्त तनाव बना हुआ है।