सहारनपुर में दिल्ली से देहरादून के लिए किराए पर कार लेकर रास्ते में लूटपाट करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी हुई कार और तमंचा बरामद किया है।
देहात पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि मंगलवार की शाम को फतेहपुर पुलिस, स्वाट एवं अभिसूचना विंग की टीम ने देहरादून रोड पर ग्राम भटपुरा मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक कार में सवार तीन लोगों को पकड़ लिया। जबकि उनका एक साथी शैलेंद्र सिंह उर्फ ऋषि फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा एवं लूटी गई कार बरामद की। आरोपियों ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलसिया रोड पर 22 फरवरी की रात को कार चालक को उतारकर कार लूटी थी।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम संजू निवासी मोहल्ला शताब्दी नगर, बड़ौत, मूल निवासी ग्राम ककड़ीपुर, बागपत, अनिल राणा निवासी ग्राम बनत, शामली बताया तथा तीसरा आरोपी बागपत के ककड़ीपुर का एक छात्र है।
संजू फिलहाल देहरादून में सरदार भगत सिंह रोड पर किराए के मकान में अपने भाई के साथ किराए पर रह रहा था, जबकि अनिल राणा रुड़की के ग्राम रामपुर डांडी किराए पर रह रहा था। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, संजय पांडेय, अभिसूचना विंग प्रभारी जर्रार हुसैन की टीम शामिल रही।
घर से बैग लेने के बहाने रुकवाई कार
आरोपियों ने बताया कि बागपत के ग्राम तितरौंदा नौशाद की कार 22 फरवरी की शाम को आरोपियों ने निर्माण विहार निकट मेट्रो स्टेशन नई दिल्ली से देहरादून के लिए बुक की। चारों लोग कार में बैठकर देहरादून के लिए चल दिए।
जब वे छुटमलपुर पहुंचे तो आरोपियों ने घर से बैग लेने के बहाने कार को कलसिया रोड पर मुड़वा लिया। कलसिया रोड पर रास्ते में आरोपियों ने कार रुकवा ली और चालक को जबरन नीचे उतारा। उसे एक पेड़ से बांध दिया और कार लेकर फरार हो गए।
तीसरा आरोपी नाबालिग
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से ककड़ीपुर का तीसरा आरोपी नाबालिग है। वह कक्षा 11 का छात्र है। जबकि अनिल राणा ट्रक चलाता है, संजू फाइनेंस का काम करता है। संजू का भाई ऋषि पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। ऋषि पहले हरियाणा रोडवेज में चालक था, फिर ट्रक चलाने लगा।
रास्ते में ही रचा कार लूट का षड्यंत्र
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि 22 फरवरी को दिल्ली के निर्माण विहार से कार में सवार होकर आरोपी देहरादून के लिए चले। मेरठ में हाईवे पर पहुंचकर एक ढाबे पर खाना खाया। ढाबे पर ही उन्होंने कार लूट का षड्यंत्र रचा। ढाबे से ही एक रस्सी ली।
कार से निकाल दिया था जीपीएस
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पुलिस उनकी कार को ट्रेस न कर ले इसके लिए उन्होंने देहरादून बस अड्डे पर पहुंचकर कार में लगे जीपीएस सिस्टम को तलाश कर निकाल दिया।
मेरठ में कबाड़ी बाजार में कार बेचने का था प्लान
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दो दिन से पुलिस उन्हें घर पर तलाश कर रही थी। इसलिए उन्होंने कार को मेरठ कबाड़ी बाजार में कटवाने का प्लान बनाया। कार की नंबर प्लेट उतार दी और कार को कटवाने के लिए मेरठ ले जा रहे थे।