सहारनपुर के सरसावा के ग्राम छावड़ी में तालाब पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। दोनों ओर से लगभग एक घंटे तक पत्थर चले, इसमें 12 लोग घायल हो गए। पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर प्रधान असगर पक्ष एवं साजिद पक्ष में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ।
बताया जाता है कि दोनों ओर से लगभग एक घंटे तक पत्थरबाजी हुई। जिसमें दोनों ओर के लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। जिसमें पांच लोगों की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रधान पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने तालाब की भूमि पर कब्जा कर रखा था। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की मदद से तालाब को कब्जा मुक्त करा दिया था। जिस कारण साजिद पक्ष उससे रंजिश मानने लगा।
शुक्रवार को साजिद पक्ष ने फिर से तालाब पर कब्जा करना शुरू कर दिया। जिस पर प्रधान पक्ष ने विरोध जताया। इसी विवाद में दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों ओर से थाना में तहरीर दे दी गई है।
झगड़े में प्रधान पक्ष के सराफत, मोहसिन, महताब, शोकिन, खलील, हैदर और असगर प्रधान जबकि साजिद पक्ष की ओर से राशिद, इलियास, खालिद, माजिद और फिरोज घायल हुए हैं।