अंबाला हाईवे पर मंगलवार को गोतस्करों के पिकप वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत हो गई, जबकि उनकी एक साल की बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पिकप से एक गाय और बछड़ा मिला है।
मंगलवार को सुबह नौ बजे नकुड़ थाना क्षेत्र के ग्राम बांदूखेड़ी निवासी विश्वास (32) अपनी पत्नी पुष्पा(28) और एक साल की बेटी के साथ बाइक पर यमुनानगर की ओर जा रहे थे। अंबाला रोड पर ग्राम जलालपुर के पास सामने से तेज गति से आ रही एक पिकप गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद पिकप वाहन बाइक सवारों को रौंदते हुए सड़क किनारे रुक गया, लेकिन तब तक बाइक चला रहे विश्वास की पिकप के नीचे कुचलने से मौत हो चुकी थी और पीछे बैठी उसकी पत्नी भी बुरी तरह घायल हो गयी।
इस टक्कर में मां की गोद में बैठी एक साल की बेटी उछलकर दूर जा गिरी थी। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास काम कर रहे लोग वहां पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। इस बीच मौका पाकर गोतस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल मां और बेटी को अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान घायल पुष्पा की भी मौत हो गई, जबकि उनकी एक साल की बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस पिकप को थाने ले आयी। उससे एक गाय तथा बछड़ा बरामद हुआ। पुलिस का मानना है कि तस्करों ने गुमराह करने के लिए उसे गाय के साथ रखा था। जिससे अंदाजा लगाया गया कि गाय को काटने के उद्देश्य से लाया जा रहा था। पुलिस ने पकड़े गये गोवंश को गोशाला भेज दिया।