हाशिमपुरा गांव में दो समुदाय के बीच हुए विवाद के बाद एकत्र लोगों को शांत करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हाशिमपुरा गांव में मोबाइल रिचार्ज कराने को लेकर कहासुनी के बाद बुधवार को दो समुदायों के बीच चाकूबाजी की घटना हो गई। बृहस्पतिवार को घायल पक्ष की ओर से पांच लोगों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी गई है।
घटना में एक व्यक्ति चाकू लगने से, जबकि दो मारपीट में घायल हुए थे। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हाशिमपुरा गांव में हुई घटना में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले रखा है। बुधवार की देर रात मोबाइल रिचार्ज कराने को लेकर दो पक्षों के बीच चाकूबाजी हो गई थी, जिसमें करमू नामक व्यक्ति चाकू लगने से घायल हो गया था। इस दौरान दुकान में भी तोड़फोड़ की गई थी। अलग-अलग समुदाय का मामला होने के चलते भारी पुलिस बल हाशिमपुरा गांव पहुंच गया था।
पुलिस कप्तान भी देवबंद पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी। हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बृहस्पतिवार को घायल के भाई सहनसरपाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके भाई करमू की मंदिर की बराबर में परचून की दुकान है।
गांव निवासी उस्मान का करमू की दुकान पर उधार चलता है। बुधवार की रात करमू उधार के पैसे मांगने उस्मान की दुकान पर गया था। पैसे मांगने के साथ ही उसने उससे डेढ़ सौ रुपये का रिचार्ज करने को कहा। सहनसरपाल का आरोप है कि इसी को लेकर उस्मान तैश में आ गया और उसके साथ गाली गलौज करने लगा।
जब करमू ने इसका विरोध किया तो उस्मान ने चाकू से करमू पर वार कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोरशराबा सुनकर बीच बचाव को पहुंचे गांव के नरेश और निर्मल पर भी उस्मान व उसके परिवार के चार अन्य लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गए। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।