सहारनपुर बड़गांव के लुकादड़ी गांव में पांच वर्ष पूर्व हुई बाप, बेटे की हत्या का बदला लेने लिए मंगलवार को दिन निकलते ही दो बाइकों पर सवार पांच हमलावरों ने तीन भाइयों और उनके ताऊ पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
इसमें ताऊ और एक भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो भतीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से हायर सेंटर भेजा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी गांव में पहुंच गए।
एसएसपी और डीआईजी ने भी गांव में पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतकों के परिजन की तरफ से आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मंगलवार की सुबह करीब सवा सात बजे लुकादड़ी निवासी सतबीर पुत्र शंकर के दो बेटे दुष्यंत व लोकेश फौजी अपने किसी काम के लिए रुड़की जाने के लिए बाइक पर निकले थे।
जैसे ही दोनों पड़ोसी गांव चिराऊ के पास पहुंचे तो पीछे से आए दो बाइकों पर सवार हथियारबंद पांच लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने के बाद भी दोनों भाइयों ने चिराऊ गांव की हरिजन बस्ती में घुसकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
गोलियों की आवाज सुन कर ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख हमलावर लुकादड़ी की तरफ भाग गए। हमलावरों ने गांव में पहुंच कर मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहे दोनों घायलों के बड़े भाई सुनील को गांव के बाहर सरकारी नलकूप के पास बीच रास्ते में ही घेर लिया।
इससे पहले सुनील कुछ समझ पाता उसकी कनपटी पर गोली मार दी। सुनील की मौके पर मौत हो गयी। इतने पर भी हमलावरों का मन नहीं माना और उन्होंने बैठक से घर जा रहे मृतक सुनील के 70 वर्षीय ताऊ महावीर पुत्र शंकर की गांव स्थित भूमिया खेड़ा के पास गोली मारकर हत्या कर दी।
इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया। गांव में तनाव को देखते हुए आरएएफ सहित नानौता, नागल, देवबंद थानाध्यक्षों को भारी पुलिस के साथ तैनात कर दिया गया।
एसपी देहात विद्या सागर मिश्रा और सीओ देवबंद सिद्धार्थ गांव में कैंप किए हुए हैं। वारदात के बाद एसएसपी बबलू कुमार, एडीएम ई सुभाष चन्द दुबे, एसडीएम राजेश गुप्ता भी गांव में पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस को दिशा निर्देश दिए।
मौके पर पहुुंची भाजपा की पूर्व विधायक शशीबाला पुंडीर व अजीत सिंह राणा ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। दोपहर करीब बारह बजे डीआईजी भी गांव में पहुंचे।
मृतक के भाई सतबीर पुत्र शंकर की तरफ से दूसरे पक्ष के अवधेश उर्फ मोंटू, अवनीश उर्फ गोलू पुत्रगण सुभाष, रिंकु उर्फ अजय फौजी, विवेक फौजी पुत्रगण अजीत सिंह, बादल और अजीत पुत्रगण खचेडु के साथ ही तेजपाल और बक्सी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि हत्याकांड में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई।