सहारनपुर के देवबंद के मोहल्ला रविदास मार्ग पर दुल्हैंडी (फाग) पर बच्चों की कहासुनी को लेकर दो पक्षों में हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक महिला समेत दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।
जिन्हें सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कई लोगों को हिरासत में लिया है। सोमवार को मोहल्ला रविदास मार्ग पर फाग खेलते समय बच्चों में हुई कहासुनी को लेकर प्रवीण और संदीप के बीच कहासुनी के बाद गोली गलौज हो गई।
उस समय तो जिम्मेदार लोगों ने बीच बचाव करा दिया। आरोप है कि कुछ समय बाद संदीप अपने साथियों के साथ तमंचे आदि लेकर प्रवीण के घर में घुस गया और एक के बाद एक कई फायर कर दिए।
इससे वहां अफरा तफरी मच गई। फायरिंग में प्रवीण (22) पुत्र प्रमोद, राजेंद्र (43) पुत्र आनंद प्रकाश और गीता (37) पत्नी प्रमोद गोली लगने से गंभीर घायल हो गए। जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां उपचार दौरान राजेंद्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे कोतवाल चमन सिंह चावड़ा ने कई लोगों को हिरासत में लेते हुए एक घर से घटना में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया।
कोतवाली पुलिस ने राजेंद्र के पिता आनंद प्रकाश की तहरीर पर संदीप, महेंद्र, अशोक और पवन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।