नानौता थाने पर एएसपी को आपबीती बताते ठगी के शिकार युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एक ठग ने विदेश भेजने का झांसा देकर नगर के 60 से अधिक युवकों से धोखाधड़ी कर 6 लाख रुपये से अधिक ठग लिए। महीनों बाद युवकों के चंगुल में फंसा ठग अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीड़ित युवक ठग की बाइक सहित थाने पर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
नगर के करीब 60 से अधिक पीड़ित युवक फैसल, सलमान, सलीम, अनीस, नाजिम, राशिद, अयाज खान, फरीद, शावेज खान, आमिर आदि नगर पंचायत चेयरमैन अफजाल खान व सभासद अमजद खान के नेतृत्व में थाने पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि करीब एक महीना पूर्व दिल्ली की सीलमपुर कॉलोनी निवासी एक युवक नगर में आया था।
उसने सभी युवकों को विदेश के मॉरीशस भेजने का झांसा देकर उनसे प्रति युवक से 10 हजार रुपये वसूले थे। उसके बाद उसने किसी भी युवक को विदेश नहीं भेजा और मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया।
इसके बाद उक्त ठग युवक सोमवार की देर शाम नानौता में पल्सर लेकर पहुंचा, जहां उसकी भनक लगने पर पीड़ितों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद ठग मौके का फायदा उठाकर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
पीड़ित लोग उक्त ठग युवक की बाइक लेकर नगर चेयरमैन के साथ मंगलवार की सुबह नानौता थाने पहुंचे और आरोपी की बाइक थाना पुलिस को सुपुर्द करते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में थाने पर मौजूद एएसपी सुरेंद्र कुमार ने नगर प्रभारी अरविंद कुमार को मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।