सहारनपुर में कोर्ट में पेशी के बाद जेल जाते समय फरार हुए बंदी शिवा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फरार होने के बाद वह अपने किराए के मकान में आराम से रह रहा था।
गागलहेड़ी पुलिस द्वारा तिवाया मोड़ के पास से हरिया बांस निवासी सोनू को एक तमंचे के साथ और ग्राम माही कोटला निवासी शिवा को चाकू समेत गिरफ्तार किया था।
27 सितंबर की शाम सवा पांच बजे पेशी से रिक्शे में बैठकर वापस लौटते समय जेल के सामने से ही पुलिस कर्मियों को धक्का देकर दोनों बंदी फरार हो गए। सोनू को तो पुलिस ने लोगों की मदद से रिमाउंड डिपो से पकड़ लिया। लेकिन शिवा तभी से फरार चल रहा था।
एसपी सिटी संजय सिंह ने बताया कि सोमवार को गागलहेड़ी पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर मुजफ्फरनगर रोड के पास कोलकी कलां ओवरब्रिज से शिवा उर्फ कल्लू उर्फ लक्ष्मण दास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में बताया कि फरार होने के बाद वह रेलवे गोदाम के पास किराए पर लिए गए अपने मकान में आराम से रह रहा था। उन्होंने बताया कि पहले पकड़े जाने पर शिवा ने अपना पता गलत बताया था।
उसने खुद को माही कोटला निवासी बताया था, जबकि उसका सही नाम पता शिवा निवासी बलाचोर थाना नागल है। पुलिस पूछताछ में शिवा ने बताया कि पेशी से वापस जाते समय रिक्शे से सोनू भागा तो, दोनों सिपाही उसे छोड़कर सोनू के पीछे भाग गए।
वह अकेला रिक्शे में बैठा रह गया तो मौका देखकर वह भी पास के ही कूूड़े के ढेर में छिप गया। जब पुलिस आगे निकल गई तो वह किराए के मकान में पहुंचा गया।