थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदी में सोमवार शाम भाभी के साथ आ रही एक युवती को गोली मार दी गई। छाती के पास गोली लगने से युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां से भी उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन और ग्रामीण अभी गोली मारे जाने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि गांव नंदी में 18 वर्षीय सिंगर अपनी भाभी के साथ शाम के समय खेतों की ओर गई थी। वहीं से लौटते समय ही अचानक युवती को गोली मार दी गई। गोली छाती में लगी। गोली मारने की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि हमलावर दो युवक माने जा रहे हैं। घटना के बाद घायल युवती को जिला चिकित्सालय लाया गया।
यहां चिकित्सीय परीक्षण के बाद गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। युवती के भाई विनोद कुमार सहित कुछ अन्य लोगों ने कहा कि अभी घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। उधर, थाना देहात कोतवाली प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि युवती को गोली मारी गई है। उसे चंडीगढ़ हायर सेंटर के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि गोली मारने के कारणों और हमलावरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।