सहारनपुर के चिलकाना कस्बे में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, दूसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है। युवती को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है।
कस्बे के एक मोहल्ले में बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक युवती गली से होकर जा रही थी। आरोप है कि मोहल्ले के ही रहने वाले अरशद तथा असजद युवती को अकेली देख खींचकर एक खाली पडे़ मकान में ले गए।
वहां दोनों युवकों ने युवती के साथ गैंगरैप किया तथा उसे वहीं बदहवाश छोड़कर फरार हो गए। रात करीब नौ बजे बदहवास हालत में युवती ने घर पहुंच कर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
युवती के परिजन इस बात को लेकर आरोपियों के घर गए तो उल्टे उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। युवती के चाचा ने थाने में तहरीर देकर अरशद तथा असजद के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली तथा युवती को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी सतीश चंद त्यागी ने बताया कि एक आरोपी अरशद को पकड़ लिया गया है। दूसरे की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।