सहारनपुर शहर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र के एक मोहल्ले की किशोरी के साथ थाना क्षेत्र के ही दूसरे मोहल्ले के युवक पर उसे बहाने से ले जाकर दुष्कर्म करने, उसकी वीडियो बनाने एवं फोटो लेकर ब्लैकमेल किए जाने की चर्चा शहर में है।
पुलिस ने इस प्रकार के किसी मामले की जानकारी होने से इंकार किया है। चर्चा है कि शहर के एक गर्ल्स कॉलेज की कक्षा दस की छात्रा को कुछ दिन पूर्व एक युवक उसके घरवालों के शाकंभरी देवी दर्शन के बहाने से अपने साथ स्कूटी पर बैठाकर ले गया।
आरोप है कि उसने नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो क्लिप बनाई और उसके फोटो खींचे। बाद में उसे शहर में छोड़कर चले गए।
आरोप है कि आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी तो परिजनों के होश उड़ गए।
परिजनों ने थाना पर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों ने दहशत में छात्रा का स्कूल जाना बंद करा दिया। इस मामले में पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत किए जाने की भी चर्चा है।
इस बारे में पुलिस ने इस प्रकार की किसी शिकायत के आने से इंकार कर दिया है। डीआईजी जेके शाही ने भी इस प्रकार की कोई शिकायत उन्हें प्राप्त होने से इंकार किया है।