दुकान बंद कर अपने गांव लौट रहे एक सर्राफ को बाइक सवार तीन हथियार बंद बदमाशों ने लूट लिया। बदमाश सर्राफ की कनपटी पर तमंचा तानकर तीन किलो चांदी, दो तोले सोना, पांच हजार की नगदी और मोबाइल फोन लूट ले गए।
वारदात के बाद बदमाश सर्राफ को गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर कांबिग शुरू की, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सके।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव जानखेड़ा निवासी सुरेश सर्राफ की दुकान पास के गांव नाईनगली माजरी में है। रविवार की दुपहर दो बजे अपनी दुकान बंद कर जब वह गांव लौट रहा था तो नैनखेड़ी गांव से पहले पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया।
बदमाशों ने सर्राफ से मारपीट की और कनपटी पर तमंचा तानकर उससे सोने चांदी के आभूषण से भरा बैग लूट लिया। जेब में रखी पांच हजार की नकदी और मोबाइल भी लूट लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर बदमाश जंगल में फरार हो गए। बैग में तीन किलो चांदी और 20 ग्राम सोने के आभूषण थे।
लूट के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और तहरीर दी। उसने बताया कि पौने दो लाख रुपये के जेवरों सहित नगदी और मोबाइल बदमाश लूट ले गए। थानाध्यक्ष एके त्यागी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जंगल की कांबिंग शुरू कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि शीघ्र ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। एक बदमाश की पहचान भी कर ली गई है, जो अब तक कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।